स्वच्छता कर्मियों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित, कर्मियों की हुई जांच

मदनपुर (औरंगाबाद ) सुनील कुमार सिंह ख़बर सुप्रभात समाचार सेवा

जिले के मदनपुर प्रखंड अंतर्गत सभी पंचायत के पंचायत भवन परिसर में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता कार्य में लगे सभी स्वच्छता कर्मियों एवं पर्यवेक्षकों के स्वास्थ्य की जांच की गई। स्वास्थ्य शिविर के दौरान स्वच्छता कर्मियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली गई। नियमित रूप से साफ-सफाई एवं कचरा प्रबंधन जैसे कार्यों में जुटे कर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई। अभियान के दौरान स्वच्छता कर्मियों को कार्यस्थल पर आवश्यक सावधानियां बरतने, साफ-सफाई के दौरान सुरक्षा उपायों का पालन करने तथा किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया। पंचायत स्तर पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य स्वच्छता कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मियों के स्वास्थ्य की देखभाल सुनिश्चित करना और उन्हें सुरक्षित वातावरण में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। इस मौके पर स्वच्छता कर्मियों एवं पर्यवेक्षकों ने स्वास्थ्य जांच शिविर के आयोजन को उपयोगी बताते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच से कार्य के दौरान आने वाली स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों की पहचान और समय पर उपचार में मदद मिलेगी। स्वच्छता पर्यवेक्षक रौशन कुमार ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत पंचायत में स्वच्छता को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में स्वच्छता कर्मियों एवं पर्यवेक्षकों के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जिसमें सभी कर्मियों की स्वास्थ्य जांच कराई गई।