अम्बा ( औरंगाबाद ) अम्बुज कुमार खबर सुप्रभात समाचार सेवा
अंबा (औरंगाबाद)। राजमार्ग-139 स्थित अंबा बाजार में मंगलवार को एक बार फिर भीषण जाम ने जनजीवन की रफ्तार थाम दी। बाजार के दोनों ओर करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुबह से लेकर दिनभर छोटे-बड़े वाहन रेंगते रहे। हालात ऐसे रहे कि बाइक सवारों और पैदल राहगीरों को भी निकलना मुश्किल हो गया। जाम हटाने में स्थानीय पुलिस और प्रशासन को काफी मशक्कत

करनी पड़ी, बावजूद इसके लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। अंबा बाजार में जाम अब कभी-कभार होने वाली समस्या नहीं, बल्कि रोजमर्रा की नियति बन चुका है। इसका सबसे अधिक खामियाजा स्थानीय दुकानदारों, स्कूली बच्चों, मरीजों और आम राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोग घंटों जाम में फंस रहे हैं, वहीं कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। आपात स्थिति में मरीजों और एंबुलेंस के आवागमन को लेकर भी लोगों की चिंता बढ़ी हुई है। एनएच-139 पर लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव और अंबा बाजार की सीमित सड़क चौड़ाई के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसके अनुरूप यातायात प्रबंधन और आधारभूत संरचना विकसित नहीं की जा रही है। नतीजतन, थोड़ी सी अव्यवस्था भी भीषण जाम का रूप ले लेती है। पुलिस की तात्कालिक व्यवस्था से कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है, लेकिन इससे समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। स्थानीय नागरिकों का स्पष्ट कहना है कि अंबा बाजार को महाजाम से निजात दिलाने के लिए बाईपास निर्माण अथवा एनएच-139 का फोरलेन चौड़ीकरण जरूरी है। जब तक बाजार के भीतर से गुजरने वाले वाहनों का दबाव कम नहीं होगा, तब तक जाम की समस्या बनी रहेगी। लोगों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर लगातार खबरें प्रकाशित होने और आवाज उठाए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है। इससे सरकार और प्रशासन के प्रति लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सरकार और संबंधित विभाग अंबा बाजार की यातायात समस्या को गंभीरता से लेते हुए बाईपास या फोरलेन निर्माण की दिशा में शीघ्र ठोस पहल करें। उनका कहना है कि अब आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर काम दिखना चाहिए। अन्यथा रोजाना की इस परेशानी से त्रस्त लोग आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

