देव (औरंगाबाद ) संवाद सूत्र ख़बर सुप्रभात समाचार सेवा
राम जानकी मठ, बिशुनपुर में आज मठ के संरक्षण, जीर्णोद्धार, सुव्यवस्थित संचालन एवं धार्मिक परंपराओं की पुनर्स्थापना को लेकर एक वृहत बैठक आयोजित की गई। बैठक में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों, श्रद्धालुओं एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर धार्मिक न्यास बोर्ड द्वारा आदरणीय विजय बाबू को राम जानकी मठ का केयरटेकर मनोनीत किए जाने पर उपस्थित लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की। भाजपा नेता प्रवीण सिंह सहित उपस्थित गणमान्य लोगों ने उन्हें अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा नेता प्रवीण सिंह ने राम जानकी मठ की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मठ केवल एक धार्मिक परिसर या संपत्ति नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक विरासत का प्रतीक है। इसका संरक्षण किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि मठ की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिससे श्रद्धालुओं का विश्वास और आस्था मजबूत हो। इसके लिए मठ की संपत्तियों का पारदर्शी लेखा-जोखा, भूमि का संरक्षण, धार्मिक गतिविधियों का नियमित संचालन, पूजा-पाठ एवं धार्मिक आयोजनों की व्यवस्था तथा स्थानीय समाज की सहभागिता सुनिश्चित करना आवश्यक है। मठ की संपत्ति का उपयोग उसके धार्मिक एवं जनकल्याणकारी उद्देश्यों के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मठ की खोई हुई प्रतिष्ठा और गौरव को पुनः स्थापित करने के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करना होगा।
बैठक में सतीश पाठक जी ने भी अपने विचार रखते हुए मठ के संरक्षण एवं विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। नवनियुक्त केयरटेकर विजय बाबू ने उपस्थित ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं को आश्वस्त किया कि भविष्य में मठ की जमीन की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। पूर्व में जो जमीन बेची गई है, उसे वापस प्राप्त करने के लिए भी हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मठ का संचालन स्थानीय लोगों की राय, सहमति एवं सहयोग से पारदर्शी और सुचारू ढंग से किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने समाज के सभी लोगों से सहयोग और सहभागिता की अपील की।
बैठक में धार्मिक न्यास बोर्ड द्वारा जारी नियुक्ति संबंधी पत्र को भी पढ़कर सुनाया गया तथा उसमें उल्लिखित सभी शर्तों एवं दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से अनुपालन करने पर सहमति व्यक्त की गई। इस अवसर पर भाजपा नेता प्रवीण सिंह, सतीश पाठक जी, विजय कुमार सिंह जी, मुकेश जी, संतोष जी, विजय पांडे जी, अनूज सिंह जी, सुनील सिंह जी, धर्मेंद्र जी एवं नवल जी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य संदेश यही रहा कि राम जानकी मठ की गरिमा, धार्मिक आस्था औरन संपत्ति की रक्षा के लिए समाज एकजुट होकर आगे आए, ताकि इस ऐतिहासिक धरोहर को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखा जा सके।
