औरंगाबाद:अम्बुज कुमार खबर सुप्रभात समाचार सेवा
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, ब्रह्माकुमारीज़ सेवा केंद्र, औरंगाबाद में आज वर्षगाँठ उत्सव श्रद्धा, उत्साह एवं आध्यात्मिक गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि औरंगाबाद नगर थाना प्रभारी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला प्रवक्ता उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों का तिलक एवं पुष्पगुच्छl भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं ईश्वरीय स्मृति के साथ हुआ। इसके पश्चात आध्यात्मिक गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ तथा राजयोग के महत्व पर आधारित प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ औरंगाबाद की प्रभारी सविता दीदी ने अपने संबोधन में कहा कि राजयोग मेडिटेशन आत्मिक शांति, सकारात्मक सोच और श्रेष्ठ संस्कारों का आधार है। आज के तनावपूर्ण जीवन में आध्यात्मिकता ही व्यक्ति, परिवार और समाज को सुख, शांति एवं समृद्धि की दिशा प्रदान कर सकती है। उन्होंने सभी को नियमित राजयोग अभ्यास एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा समाज में नैतिक जागरूकता, नशामुक्ति, महिला सशक्तिकरण एवं मानवीय मूल्यों के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। विशिष्ट अतिथि ने भी संस्था के आध्यात्मिक एवं सामाजिक योगदान की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया तथा उपस्थित सभी भाई-बहनों एवं अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

