740 करोड़ रुपए खाते में देख भौंचक पेंशन विधवा लाभार्थी

नवादा से डीके अकेला की रिपोर्ट


नवादा 12 जुलाई जिले के नवादा नगर के पार नवादा स्थित नीम टोला मोहल्ले में एक साधारण परिवार की विधवा पेंशन की लाभार्थी महिला के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते में अचानक लगभग साढ़े सात अरब रुपए आ गए।खाते में इतनी बड़ी एकाएक राशि देख कर विधवा महिला सिर्फ भौंचक व दंग ही नहीं,बल्कि घबरा गई और उसकी तबीयत बिगड़ गई।वहीं, बैंक प्रबंधक ने कहा कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण ही कभी इस तरह की समस्या हो जाती है।नवादा नगर परिषद के वार्ड नंबर 28 के अंतर्गत नीम टोला मोहल्ले की रहने वाली रेखा देवी पति स्व.उदय नारायण पाण्डेय 10 जुलाई की शाम को अपनी 1100 रूपये महीनवारी सरकारी विधवा पेंशन निकालने के लिए बगल के ही एक ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) गई थीं। आधार (कार्ड)सक्षम भुगतान प्रणाली के माध्यम से जब उन्होंने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अपने खाते से 1100 रुपए निकले, तो ट्रांजेक्शन रसीद पर उपलब्ध शेष राशि देखकर सीएसपी संचालक और रेखा देवी दोनों के होश उड़ कर सातवें आसमान में ठिकाने लग गए। उक्त रसीद के अनुसार, रेखा देवी के खाते में 7 अरब 40 लाख 72 हज़ार 895.78 अथवा 740 करोड़ रुपए से अधिक का बैलेंस दिख रहा था। संचालक ने मजाक के लहजे में कहा कि दीदी,आप तो अब बड़े राजा व महारानी बन गए। दुनिया की सारी सुख सुविधाएं आपकी पांव चूमेगी सेवक सेवा में सदैव तत्पर व तैयार रहेंगे।
इधर, बैंक के अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी कारण के चलते ही ऐसा हुआ होगा।नगर के विजय बाजार स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक जफर इकबाल ने कहा कि यह मामला संज्ञान में आया है। इसकी तत्काल सूचना अपने रीजनल मैनेजर, गया जी को दी गई है।यह किसी तकनीकी भूल या गड़बड़ी के कारणवश हुआ होगा। जब उक्त लाभार्थी विधवा महिला की खाते की जांच की गई तो मात्र 10 रूपए ही बैलेंस दिखा। वह जब पासबुक अपडेट कराएगी तो उनके खाते में यही राशि दिखाई पड़ेगी। कोई बड़ा ट्रांजेक्शन नहीं दिखेगा। दूसरी ओर रेखा देवी ने कहा कि खाते में अरबों रुपए दिखने के बाद मैं डर के मारे घबराहट में रातभर सो नहीं सकीं। उहापोह की ही स्थिति में भवर काटती रही। खाना- पीना सब दुश्वार हो गया। बेचैनी बढ़ती चली गई। दहशत के साए में कैद रहीं।बहुतों लोगों द्वारा समझाने बुझाने के बाद भयभीत विधवा महिला रेखा देवी ने राहत थोड़ी सी की सांस ली। सबों ने ढांढ़स बंधाते हुए कहा कि आपको कुछ नहीं होगा, क्योंकि ग़लती आपकी नहीं,बल्कि पूर्ण गलती तो बैंक अधिकारी की है। अब विधवा महिला रेखा देवी की सुख चैन पुनः वापसी के कगार पर है। आज के दैनिक हिंदुस्तान पेपर, बिहार का पहला समाचार के रूप में प्रकाशित किया जा चुका है, जिसमें लाभार्थी रेखा देवी के फोटो समेत उसके खाते में आए अरबों रुपए का प्राप्ति रसीद है।