चैम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल मिला प्रभारी मंत्री से, सौंपा मांग पत्र

अम्बुज कुमार खबर सुप्रभात समाचार सेवा

औरंगाबाद चैम्बर ऑफ कॉमर्स के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रभारी मंत्री रामा निषाद से मुलाकात कर जिले के व्यवसायियों एवं जनसामान्य की विभिन्न समस्याओं एवं विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की तथा एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को अवगत कराया कि

प्रभारी मंत्री को मांग पत्र सौंपते चैम्बर के पदाधिकारी

औरंगाबाद जिले में व्यवसायिक गतिविधियों को सुचारू एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करने हेतु कई मूलभूत समस्याओं का समाधान आवश्यक है। ज्ञापन में मुख्य रूप से व्यवसायिक क्षेत्रों की सड़क मरम्मती, ट्रैफिक जाम से निजात, बिजली व्यवस्था में सुधार, बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, CCTV एवं पुलिस गश्ती बढ़ाने, जिले में आधुनिक कोल्ड स्टोरेज निर्माण, छोटे एवं मध्यम उद्योगों हेतु भूमि उपलब्ध कराने तथा व्यापारियों के शस्त्र लाइसेंस प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने की मांग रखी गई। साथ ही यह भी आग्रह किया गया कि योग्य व्यवसायियों को सुरक्षा की दृष्टि से शस्त्र लाइसेंस उपलब्ध कराने में प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया जाए तथा लाइसेंस प्रक्रिया में औरंगाबाद चैम्बर ऑफ कॉमर्स की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने जिला स्तरीय महत्वपूर्ण बैठकों एवं विकास योजनाओं में चैम्बर ऑफ कॉमर्स को प्रतिनिधित्व प्रदान करने की भी मांग रखी ताकि व्यवसायियों की समस्याओं एवं सुझावों को प्रभावी रूप से प्रशासन तक पहुंचाया जा सके।
माननीय प्रभारी मंत्री ने सभी मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना एवं सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर चैम्बर ऑफ कॉमर्स के कई पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं जिले के सम्मानित व्यवसायी उपस्थित रहे।