अम्बुज कुमार खबर सुप्रभात समाचार सेवा
औरंगाबाद चैम्बर ऑफ कॉमर्स द्वारा “जल ही जीवन है” अभियान के तहत जिले के प्राचीन महाबीर मंदिर, बिराटपुर मोड़ परिसर में श्रद्धालुओं एवं आमजनों की सुविधा हेतु 80 लीटर स्टोरेज क्षमता वाला कोल्ड वाटर कूलर एवं 40 लीटर क्षमता का RO प्लांट मंदिर समिति को समर्पित किया गया।
इस जनहितकारी पहल का उद्घाटन पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह द्वारा फीता काटकर किया गया। उद्घाटन के अवसर पर पूर्व सांसद ने चैम्बर ऑफ कॉमर्स की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि “भीषण गर्मी में शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना एक पुण्य कार्य है। जल ही जीवन है और समाज के प्रति इस प्रकार की जिम्मेदारी निभाना अनुकरणीय पहल है।” चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि “चैम्बर लगातार सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ा रहा है। ‘जल ही जीवन है’ अभियान के तहत शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने का उद्देश्य आम लोगों को राहत पहुंचाना है। आने वाले समय में भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।” चैम्बर पदाधिकारियों ने बताया कि महाबीर मंदिर, बिराटपुर मोड़ का यह स्थान शहर के प्रमुख किराना होलसेल मंडी क्षेत्र के नजदीक स्थित है, जहां प्रतिदिन पूरे जिले से बड़ी संख्या में व्यवसायियों एवं आमजनों का आवागमन होता है। ऐसे में इस RO युक्त कोल्ड वाटर कूलर से न केवल शहरवासियों बल्कि आसपास के व्यवसायियों एवं जिलेभर से आने वाले व्यापारियों को भी शुद्ध एवं ठंडा पेयजल का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर वार्ड 16 के वार्ड सदस्य रंजय अग्रहरि, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि अमित कुमार, ABVP के आदित्य कुमार सिंह, चैम्बर सदस्य कुणाल सौरभ, कार्यकारिणी सदस्य राकेश गुप्ता, बालचंद गुप्ता, डिस्ट्रीब्यूटर संघ के अध्यक्ष राज कुमार लहरी, मिथलेश कुमार, सुरेंद्र जैन, रणविजय मेहता, सचिन सिन्हा, सुशोभित समिति के अध्यक्ष नवीन सिन्हा, ओमप्रकाश कुमार, गुड्डू गुप्ता, ललन गुप्ता सहित शहर के अनेक गणमान्य व्यवसायी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने चैम्बर ऑफ कॉमर्स की इस जनसेवा अभियान की सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक प्रेरणादायक कदम बताया।


