एरका चेकपोस्ट पर तैनात सिपाही को प्रेमिका से मंदिर में हुई शादी

अम्बा (औरंगाबाद) खबर सुप्रभात समाचार सेवा

 अम्बा थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह का एक मामला सामने आया है। समस्तीपुर जिले की एक लड़की अपने प्रेमी से शादी करने के लिए करीब 250 किलोमीटर दूर औरंगाबाद के अंबा पहुंच गई। प्रेमी बिहार पुलिस का सिपाही है और उत्पाद विभाग के एरका चेक पोस्ट पर उसकी तैनाती है। लड़की चेकपोस्ट पर पहुंची, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। मामला बढ़ता देख मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गई। वहां पूछताछ में चार साल पुराने प्रेम संबंध की बात सामने आई। उसके बाद पुलिस ने दोनों की मंदिर में शादी करवा दी। इस दौरान पुलिसवाले बाराती बने और दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद दिया। दुल्हन पूजा कुमारी ने बताया कि स्कूल में अंकेश से मुलाकात हुई थी। हमलोग एक ही स्कूल में पढ़ते थे। पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया। शुरुआत में जब अंकेश ने उसे प्रपोज किया तो उसने इंकार कर दिया था। वो लगातार अपने प्यार का भरोसा दिलाता रहा। उसके बाद उसके करीब आ गई। अंकेश ने शादी करने का वादा किया था। इसी भरोसे पर रिश्ता करीब चार वर्षों तक चलता रहा।