सांसद ने मुख्यमंत्री के साथ वायरल फोटो पर दी प्रतिक्रिया, कहा – मुलाकात महज़ औपचारिक और विकासात्मक, राजद है एकजुट

अम्बुज कुमार खबर सुप्रभात समाचार सेवा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ सांसद अभय कुशवाहा के वायरल फोटो को लेकर राजनीतिक गलियारे में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इस पर शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान सांसद अभय कुशवाहा ने सभी अटकलों पर विराम लगाया है। श्री कुशवाहा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात महज़ औपचारिक और विकासात्मक कार्यों के लिए बताया है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को मुख्यमंत्री से आधे घंटे तक बातचीत हुई। इस दौरान उनके लोकसभा क्षेत्र में सड़क सहित अन्य विकासात्मक परियोजनाओं को लेकर बातचीत हुई है। मैं जब से राजनीति में आया हूं, दलित, पिछड़ा, वंचित व शोषितों के साथ रहा हूं। राजद एकजुट है। यह महज एक शिष्टाचार मुलाकात थी। उन्होंने कहा कि अब राजद से नाता तोड़ना और अन्य पार्टी से खुद को जोड़ने की कल्पना नहीं कर सकता हूं। राजद ने हम पर जो भरोसा जताया है, उसे कभी टूटने नहीं दूंगा। हमारी राजनीति की शुरुआत राजद से है। हम समाजवादी विचारधारा के है। बीच में हम जेडीयू पार्टी से विधायक रहे, लेकिन अलग नहीं था। उस समय महागठबंधन का हिस्सा था। हम राजद से कभी दूर नहीं रहे और आगे भी पार्टी हमें जो जिम्मेदारी सौंपेगी, पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। सांसद ने कहा कि हमारी प्रयास है कि जनता की समस्या प्राथमिकता के आधार पर पूरा हो। इसके पहले भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से हमारी मुलाकात हुई है। इसे राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा संबधित विभाग को केवल पत्र देने से काम नहीं होता है। मुलाकात के दौरान गया जिले के छक्करबंधा से देव को जोड़ने वाली सड़क को लेकर बातचीत हुई जो इमामगंज, बाकेबजार और डुमरिया को जोड़ेंगी। इस इलाके के लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी। इसके अलावा मदनपुर के खिरियावा से कासमा और गुरारू होते हुए गया जी स्थित मेडिकल कॉलेज को जोड़ने वाली सड़क को लेकर बातचीत हुई। इससे हमारी कनेक्टिविटी काफी बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि ऊर्जा कमिटी के सदस्य होने के नाते हमारी प्रयास है, लोगों को ‘पीएम सूर्य घर – मुफ्त बिजली योजना’ का अधिक से अधिक लाभ मिले। 3 किलोवाट तक के सोलर पैनल पर सरकार द्वारा 78,000 रूपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब रिनिवल एनर्जी का समय है। इसके लिए जिले के बारुण में 500 एकड़ जमीन चिन्हित किया गया है। 15 अगस्त के बाद उसका शिलान्यास किया जाएगा। हालांकि बारुण हमारा लोकसभा क्षेत्र नहीं है लेकिन जिले का हिस्सा है और यह विकास कार्यों से जुड़ी है। हमारी पूरी कोशिश है। इसका लाभ जिले वासियों को मिले। इसको लेकर केंद्र और राज्य सरकार से अनुमति मिल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जिले में सिंचाई प्रबंधन को लेकर जल संसाधन मंत्री से भी बीते दिनों मुलाकात हुई थी। ताकि उत्तर कोयल नहर से किसानों को अधिक से अधिक सिंचाई की सुविधा मिले। 20 जुलाई से लोकसभा शुरू हो रहा है। वहां भी जनहित और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दे उठाऊंगा। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा एनएच 139 पर फोरलेन को लेकर काफी उम्मीदें थी, लेकिन निर्माण कार्य नहीं होना काफी अफ़सोस जनक है। उन्होंने कहा कि बिहार के जिस मुद्दे के साथ चुनाव हुआ, पांच साल में पांच करोड़ युवाओ को रोजगार का वादा आज कहा है। इन्होंने जीविका दीदियों को 10 – 10 हज़ार देकर दो लाख का वादा भुला दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का खजाना खाली है। किसी संवेदक को कोई भुगतान नहीं हो रहा है। केवल हवा हवाई घोषणाएं हो रही है। इस अवसर पर नवीनगर पूर्व प्रत्याशी अमोद चंद्रवंशी, जिला पार्षद अनिल यादव, विकास पासवान, डॉ राजेश यादव, उदय उज्जवल, संजय यादव सहित अन्य मौजूद रहे।