केन्द्रीय न्यूज डेस्क ख़बर सुप्रभात समाचार सेवा
झारखंड व बिहार में सक्रिय प्रतिबंधित नक्सली संगठन संगठन टीएस पीसी के सुप्रीमो ब्रजेश गंझु को उत्तर प्रदेश एसटीएस की टीम ने मारा गिराया है। रविवार की तड़के सुबह हुई मुठभेड़ में एटीएस को यह सफलता प्राप्त हुई है। जानकारी के अनुसार मुठभेड़ वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र में हुई है। जिसमें टीएसपीसी सुप्रीमों बृजेश गंझू उर्फ

गोपाल सिंह भोक्ता मारा गया। मारे गए उग्रवादी पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था, जिसमें झारखंड सरकार की ओर से 25 लाख और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा 5 लाख रुपये का इनाम शामिल था। एटीएस के पुलिस उपाधीक्षक विपिन राय के मुताबिक टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड के वांछीत उग्रवादी कमांडर ब्रजेश गंझू रामनगर थाना क्षेत्र के लंका मैदान में टेंगरा मोड़ से मुगलसराय की ओर जाने वाले रास्ते से गुजरने वाला है. सूचना के आधार पर एटीएस टीम ने सुबह करीब पांच बजे क्षेत्र में घेराबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। एटीएस के टीम ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। नक्सली की तरफ से हुई गोलीबारी के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। दोनों ओर से हुई इस मुठभेड़ में ब्रजेश गंझू को गोली लग गई और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। जिसके बाद एटीएस की टीम तत्काल उसे घायल अवस्था में नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच के बाद उसकी पहचान झारखंड के चतरा जिले (थाना लावालौंग) के ग्राम लूटू निवासी बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता के रूप में हुई। वह लंबे समय से झारखंड पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था।

