कुटुम्बा – माली पथ बना पशुपालकों के लिए कामधेनु गाय, वाहन चालक व यात्री परेशान, ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन पर मुकदर्शक रहने का लगाया आरोप

अम्बुज कुमार खबर सुप्रभात समाचार सेवा

औरंगाबाद जिला स्थित कुटुंबा माली सड़क का हाल बेहाल है जिससे यात्रियों को गुजरने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है । यह सड़क एक तरफ़ जहां अतिक्रमण से परेशान है वहीं दूसरी तरफ़ इस सड़क का एक हिस्सा दशवत बिगहा से माली तक आजतक बना ही नहीं जिस कारण उसमें केवल गड्ढे ही गड्ढे हैं । उल्लेखनीय है कि कुछ ही वर्ष पूर्व सात करोड़ चौअन लाख की राशि से इस सड़क का निर्माण किया गया था पर आज इस सड़क पर लोगों को चलना मुश्किलों का सबब बन गया है । गौरतलब बात यह है कि इस सड़क के किनारे बसे गांव के लोग अपने गाय भैंस बकरी को सड़क के ऊपर तो बांधते ही हैं सड़क पर ही नाद भी रखते हैं और सड़क पर ही गोबर भी रखते हैं । सड़क पर पशुओं के बांधने से अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं और दुर्घटना के बाद पशु पलकों द्वारा वाहन मालिकों से मोटी हर्जाना भी वसूला जाता हैं । दूसरी बड़ी समस्या इस सड़क पर बिजली खंभों से बनाए ऊंचे ऊंचे ब्रेकर हैं । बिजली खंभों से बनाए ब्रेकर के कारण भी कई बार दुर्घटना घट चुकी है । ऊंचे ठोकर के कारण बाइक के पीछे बैठकर जा रही कई महिलाएं गिरकर चोटिल हो चुकी हैं । तीसरी बड़ी समस्या सड़क के किनारे लोगों का मल मूत्र त्यागना है । इस सड़क से सुबह शाम भारी मात्रा में पढ़ने वाले बच्चे बच्चियाँ सायकल से या पैदल पढ़ने जाते है जिन्हें दुर्गंध की भारी समस्या से रोज जूझना पड़ता है ।
इसी क्षेत्र के रहने वाले समाजसेवी राज कुमार सिंह ने बताया कि कुटुम्बा से माली की ओर आगे बढ़ते ही गोवास गांव है जहां अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी तो है ही वहां एक ही जगह पर बिजली खंभा से बना ऊंचा ब्रेकर उसी जगह स्थाई रूप से बंधी भैंसे और नाली के पानी का बहाव भी है । नाली के पानी से एक तरफ सड़क भी टूट गई और वहीं दूसरी तरफ ब्रेकर और भैंस के कारण गाड़ियों को गुजरने में भारी परेशानी होती है । इस जगह एक बिजली खंभा का ब्रेकर टूट जाता है तो ग्रामीण दूसरा खंभा रख देते हैं । श्री सिंह ने बताया कि देउरिया बाजार से शाम के समय अतिक्रमण के कारण गाड़ियों का गुजरना तो दूभर हो ही जाता है वहीं सड़क किनारे लोग मल मूत्र त्याग कर नियमित गंदगी करते हैं जिस कारण लोगों को नाक पर गमछा बांधकर गुजरना पड़ता है । सड़क किनारे सबसे अधिक मल त्यागने वाले गांव जगदीशपुर, चिंतावन बिगहा, गोवास, कठरी, कुरगाईं और पड़रिया हैं जहां सड़क से गुजरना दूभर कार्य है । स्थानीय निवासी राजेश सिंह का कहना है कि सरकार आठ किलोमीटर के सड़क बनाने में आठ करोड़ रु खर्च कर दी पर उसमें तीन किलोमीटर सड़क आजतक नहीं बन पाया । दशवत बिगहा गांव से माली तक आज भी सड़क निर्माण नहीं हो सका है जबकि हजारों गाड़ियाँ रोज इस सड़क से गुजरती हैं । राजेश ने यह भी बताया कि तीन चार वर्ष पूर्व सूही गांव निवासी सह पूर्व पंचायत समिति सदस्य विश्वनाथ पांडेय ने सड़क निर्माण में हो रहे भ्रष्टाचार और अनियमितता के खिलाफ अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी तथा डीएम के न्यायालय में वाद दायर कर इंसाफ का गुहार लगाया था जिसका इंसाफ आजतक नहीं हो सका और आज भी तीन किलोमीटर सड़क वैसा का वैसा ही रह गया ।स्थानीय अभय कुमार बताते हैं कि इस सड़क से किसी को इमरजेंसी में अस्पताल जाना हो जाए तो गाय भैंस बकरी और शब्जी बेचने वाले दुकानदारों के अतिक्रमण के कारण समय पर पहुंच पाना उसके लिए दूभर हो जाता है । इस सड़क से आए दिन एम्बुलेंस और पुलिस की गाड़ियाँ गुजरती हैं और उनके साथ भी परेशानी होती है बावजूद प्रशासन के लोग इसपर कोई एक्शन नहीं लेते ।
मौके पर विक्की सिंह, रणविजय सिंह, ओंकार सिंह, राजेंद्र प्रसाद , अनिल सिंह, विजय सिंह, मुकेश कुमार आदि दर्जनों लोग मौजूद थे ।