भाजपा के वरिष्ठ नेता लक्ष्मी नारायण सिंह के निधन से शोक की लहर, संगठन ने खोया अपना मजबूत स्तंभ

औरंगाबाद: अम्बुज कुमार खबर सुप्रभात समाचार सेवा

जनसंघ एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पार्टी के संस्थापक सदस्य तथा संगठन के मजबूत स्तंभ रहे लक्ष्मी नारायण सिंह के निधन से औरंगाबाद जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं राजनीतिक-सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। उनके निधन को पार्टी और संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने गहरी संवेदना व्यक्त की।पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि 87 वर्ष की आयु में लक्ष्मी नारायण सिंह ने आज प्रातः 5 बजे औरंगाबाद स्थित अपने बाईपास आवास पर अंतिम सांस ली। वे नवीनगर प्रखंड की बैरिया पंचायत के औसान ग्राम के निवासी थे। उनके निधन से पार्टी ने एक समर्पित, संघर्षशील एवं अनुभवी अभिभावक को खो दिया है। वे अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।उन्होंने कहा कि लक्ष्मी नारायण सिंह का संपूर्ण राजनीतिक जीवन संगठन, विचारधारा और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा। जनसंघ के दौर से ही वे संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे और भारतीय जनता पार्टी के गठन के बाद पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने पार्टी के विभिन्न दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। वर्ष 1990 में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नवीनगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा था। इसके अतिरिक्त औरंगाबाद नगर पालिका क्षेत्र में वार्ड पार्षद के रूप में भी उन्होंने जनता की सेवा की।पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि जब पार्टी आर्थिक और संगठनात्मक कठिनाइयों के दौर से गुजर रही थी, तब लक्ष्मी नारायण सिंह ने अपने निजी मकान में लगभग 15 वर्षों तक भाजपा कार्यालय संचालित कर संगठन को मजबूती प्रदान की। उन्होंने न केवल पार्टी कार्यालय के लिए अपना आवास उपलब्ध कराया, बल्कि आर्थिक अभाव के समय भी संगठन को चलाने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका समर्पण, त्याग और संगठन के प्रति निष्ठा आने वाली पीढ़ियों के कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगाउन्होंने कहा कि लक्ष्मी नारायण सिंह केवल एक राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं थे, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े संवेदनशील व्यक्तित्व भी थे। वे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेते थे और सभी के सुख-दुख में सहभागी बनते थे। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और संगठन के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके निधन पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष विनय कुमार शर्मा, रामानुज पांडेय, कृष्ण वल्लभ प्रसाद सिंह, भाजपा नेता अनिल सिंह, उज्ज्वल कुमार सिंह, रघुनाथ राम, विजय प्रसाद निराला, विजय प्रसाद अकेला, अविनाश कुमार, विनोद शर्मा, अश्वनी तिवारी, पप्पू कुमार सिंह, पिंटू कुमार, वीरेंद्र कुमार सिंह, अशोक सिंह, सुनील कुमार शर्मा, राकेश कुमार देवता, सुरेंद्र गुप्ता, संजय गुप्ता, टुन्ना गुप्ता सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक-राजनीतिक क्षेत्र के लोगों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।