विधायक ने किया एसएसबी बैंक शाखा का उद्घघाटन

अम्बुज कुमार खबर सुप्रभात समाचार सेवा

औरंगाबाद : शहर के रमेश चौक स्थित डॉ. रामाशीष सिंह अस्पताल जाने वाले मार्ग पर मंगलवार को सीएसबी बैंक लिमिटेड की नई शाखा का शुभारंभ किया गया। शाखा का उद्घाटन विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, राजेश्वर सिंह, शहर के प्रतिष्ठित ठेकेदार अरविंद सिंह एवं संजय सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। समारोह में बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने कहा कि औरंगाबाद संभावनाओं का जिला है और यहां विकास की गति लगातार तेज हो रही है। उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र में नए बैंकों का खुलना इस बात का संकेत है कि वहां आर्थिक गतिविधियां बढ़ रही हैं और लोग समृद्धि की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सीएसबी बैंक युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराने, छोटे कारोबारियों को वित्तीय सहायता देने तथा जिले के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बैंक अधिकारियों ने बताया कि सीएसबी बैंक लिमिटेड दक्षिण भारत का एक प्रतिष्ठित निजी क्षेत्र का बैंक है, जिसकी स्थापना वर्ष 1920 में हुई थी। वर्तमान में देशभर में इसकी 861 से अधिक शाखाएं संचालित हैं। बैंक डिजिटल बैंकिंग, एमएसएमई फाइनेंसिंग और गोल्ड लोन सेवाओं के लिए विशेष पहचान रखता है। अधिकारियों ने बताया कि बिहार में शाखाओं के विस्तार के साथ बैंक खुदरा ग्राहकों, छोटे व्यवसायियों, व्यापारियों और किसानों को आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। ग्राहकों को बचत एवं चालू खाता, डिजिटल बैंकिंग, पर्सनल और बिजनेस लोन, गोल्ड लोन तथा निवेश संबंधी सेवाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी। उन्होंने कहा कि बैंक की प्राथमिकता ग्राहकों को तेज, पारदर्शी और सुरक्षित बैंकिंग सेवाएं प्रदान करना है। साथ ही राज्य में नेटवर्क विस्तार और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
समारोह में ब्रांच मैनेजर धीरज कुमार सिंह, क्लस्टर हेड प्रवीण मिश्रा, गया शाखा प्रबंधक योगेंद्र कुमार एवं जोनल हेड गौरव महाजन समेत कई बैंक अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार सिंह, कांग्रेस नेता चुलबुल सिंह, शत्रुघ्न प्रसाद मुन्ना, भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा, वार्ड पार्षद सुशील सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनीता सिंह, रामरूप सिंह, टूना प्रसाद गुप्ता, अविनाश कुमार सहित अनेक गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया। स्थानीय लोगों ने नई शाखा के खुलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जिले की आर्थिक प्रगति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।