अम्बा ( औरंगाबाद ) अम्बुज कुमार खबर सुप्रभात समाचार सेवा
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संडा मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा संत छावनी आश्रम में उत्साह एवं श्रद्धा के साथ योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष विजय सिंह ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष विजय सिंह ने उपस्थित लोगों को अनुलोम-विलोम, वज्रासन तथा सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को निरोग, ऊर्जावान और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। योगाभ्यास के उपरांत कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के “योग से निरोग” संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष सचितानंद सिंह, महामंत्री संजीत शर्मा, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष रामप्रवेश यादव, सुभाष मेहता, महादलित मोर्चा अध्यक्ष केशव चौधरी, पंचायत अध्यक्ष महेंद्र प्रजापति, नीरज मिश्रा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र एवं समाज के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना के साथ हुआ। योग दिवस के इस आयोजन ने लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ भारतीय योग परंपरा के प्रति सम्मान और विश्वास को भी सुदृढ़ किया।


