सांसद अभय कुशवाहा की पहल रंग लाई, गया से दिल्ली-मुंबई समेत चार महानगरों के लिए उड़ान सेवा की उम्मीद बढ़ी

अम्बुज कुमार खबर सुप्रभात समाचार सेवा

गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु एवं अहमदाबाद के लिए नियमित उड़ान सेवाएं शुरू कराने की मांग को लेकर क्षेत्रीय स्तर पर प्रयास तेज हो गए हैं। इस

अभय कुशवाहा, सांसद औरंगाबाद

संबंध में औरंगाबाद संसदीय क्षेत्र के सांसद अभय कुशवाहा ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से मुलाकात कर गया सहित पूरे मगध क्षेत्र की आवश्यकताओं, यात्रियों

की समस्याओं तथा क्षेत्र की अपार संभावनाओं से अवगत कराया था। मुलाकात के दौरान गया से देश के प्रमुख महानगरों के लिए सीधी एवं नियमित हवाई सेवा शुरू करने की मांग रखी गई थी। सांसद अभय कुशवाहा ने बताया कि इस पहल पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने मामले को संबंधित एयरलाइंस कंपनियों के समक्ष विचारार्थ अग्रसारित कर दिया है। इससे गया एवं पूरे मगध क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। बताया गया कि गया अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बौद्ध पर्यटन का प्रमुख केंद्र है, जहां हर वर्ष देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। इसके बावजूद प्रमुख महानगरों से नियमित हवाई संपर्क की कमी के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेषज्ञों का मानना है कि दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और अहमदाबाद जैसे बड़े शहरों से सीधी उड़ान सेवाएं शुरू होने पर न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में भी नए अवसर सृजित होंगे। इससे पूरे मगध क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलने की संभावना है। इस मुद्दे को उठाने वाले जनप्रतिनिधि ने कहा कि उनका प्रयास केवल मांग रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि गया और मगध क्षेत्र को बेहतर हवाई संपर्क उपलब्ध कराने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय को आगे भी पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही गया से देश के प्रमुख शहरों के लिए नियमित विमान सेवाएं शुरू होंगी, जिससे क्षेत्र के विकास को नया आयाम मिलेगा।