केशहर नदी में डूबी दो बेटी के साथ मां,एक बेटी और मां को ग्रामीणों ने बचाने में हुए सफल, एक बेटी अभी तक लापता, तलाश जारी

रफीगंज (औरंगाबाद) ख़बर सुप्रभात समाचार सेवा

औरंगाबाद जिले के रफीगंज प्रखंड अंतर्गत मंजखड़ गांव के समीप केशहर नदी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही एक मां अपनी दो बेटियों के साथ नदी में डूब गई। घटना में स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से मां और एक बेटी की जान तो बचा ली गई, लेकिन 16 वर्षीय किशोरी तेज बहाव में बह गई, जिसका अब तक कोई पता नहीं चल सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार शैलोपुर गांव निवासी दीपू साव का परिवार है। दीपू साव की पत्नी शोभा देवी (35), उनकी बड़ी बेटी ब्यूटी कुमारी (16) और छोटी बेटी काजल कुमारी (13) शुक्रवार को बालीगांव बाजार खरीदारी करने गई थीं। दोपहर बाद तीनों खरीदारी कर पैदल ही अपने गांव शैलोपुर लौट रही थीं। इसी दौरान मंजखड़ गांव के पास केशहर नदी पर बने बांस के चचरी पुल को पार करते समय तीनों का संतुलन बिगड़ गया और वे नदी के तेज बहाव में गिर गईं। पानी में गिरते ही तीनों डूबने लगीं और मदद के लिए चीखने-चिल्लाने लगीं। चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े और बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगा दी। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद शोभा देवी और उनकी छोटी बेटी काजल कुमारी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन बड़ी बेटी ब्यूटी कुमारी को बचाने की कोशिश नाकाम रही। घटना की सूचना मिलते ही रफीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता किशोरी की तलाश शुरू कराई। खबर लिखे जाने तक पिछले तीन घंटों से लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला है। जानकारी के अनुसार  एसडीआरएफ की टीम को भी सूचना दे दी गई है, ताकि आधुनिक उपकरणों से तलाश में तेजी लाई जा सके। इधर, दीपू साव जो ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, उनकी बेटी के लापता होने से परिवार पर आफ़त  टूट पड़ा है। घटना के बाद  परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।