देव (औरंगाबाद ) संवाद सूत्र खबर सुप्रभात समाचार सेवा
औरंगाबाद जिले के देव थाना क्षेत्र में कटैया गांव के पास शुक्रवार को रक्षाबंधन के दिन एक बोलेरो ने बाइक सवार भाई-बहन को रौंद दिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का औरंगाबाद सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। भाई के सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों की पहचान अंबा थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी पवन कुमार (20) और उनकी बहन खुशी कुमारी (16) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, खुशी कुछ दिन पहले मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रघुनंदन बिगहा गांव स्थित अपने ननिहाल गई थी। रक्षाबंधन के दिन बहन से राखी बंधवाने के लिए पवन उसे ननिहाल से घर लाने गया था।पवन अपनी बहन खुशी को बाइक पर बैठाकर ननिहाल से अपने गांव गौरा लौट रहा था। इसी दौरान देव थाना क्षेत्र के कटैया गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद रास्ते से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने दोनों को घायल अवस्था में देखा और इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज चल रहा है।


