औरंगाबाद खबर सुप्रभात समाचार सेवा
12 किमी रेललाइन के लिए 85.91 एकड़ जमीन का अधिग्रहण शुरू औरंगाबाद। अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन से औरंगाबाद शहर को जोड़ने वाली करीब 12 किलोमीटर लंबी रेललाइन के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सदर प्रखंड के 11 मौजों में 85.9118 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। जम्होर, जगदीशपुर, जोकहरी, भरथौली, सुशनार, खैराबिंद, मोरौली, कठौतिया, रामपुर, परसा और कर्मा भगवान मौजा में कार्रवाई चल रही है। परसा मौजा में प्रस्तावित टर्मिनल बनाया जाएगा। रेललाइन बनने से औरंगाबाद शहर सीधे रेल नेटवर्क से जुड़ सकेगा, जिससे आवागमन, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। वहीं, जमीन अधिग्रहण को लेकर किसानों की चिंताएं भी सामने आई हैं। किसानों ने उचित मुआवजा और खेतों तक पहुंच के लिए अंडरपास बनाने की मांग की है। प्रशासन किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास कर रहा है। यह परियोजना औरंगाबाद-बिहटा रेललाइन परियोजना का हिस्सा है। जमीन अधिग्रहण शुरू होने के बाद परियोजना के आगे बढ़ने की उम्मीद बढ़ गई है।


