नवादा से डीके अकेला की रिपोर्ट
नवादा जिले के अंतर्गत पकरीबरावां थाना क्षेत्र के डोला गांव के लखन पूरा के बघार से कल सुबह 8 साल की अपहृत नाबालिग लड़की का शव बरामद होने पर लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पे चढ़कर फूट पड़ा।आक्रोशित लोगों ने रोष में वारसलीगंज मोड के पास जमुई -नवादा मुख्य पथ को घंटों तक जाम कर दिया। घटनास्थल पर लोग जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों को बुलाने और कातिलों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सड़क जाम की सूचना मिलते ही वारसलीगंज के थानाध्यक्ष पंकज सैनी, अंचल अधिकारी निहारिका , पुलिस सर्किल इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार थाना अध्यक्ष रंजन चौधरी समेत जामस्थल पर दलबल के साथ पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि 24 घंटे के भीतर पुलिस उक्त कांड के उद्भेदन के लिए प्रयास करेगी।करीब 03 घंटों तक मुख्य पथ के जाम हो जाने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। साथ ही सड़क के दोनों किनारे वाहनों की लम्हड़ कतारें लग गई। जाम के कारण निजी स्कूलों से घर लौटने वाले छात्रों को भी काफ़ी दिक्कतें उठाने पड़े। गौरतलब बात यह है कि बच्ची सोमवार की शाम को अपने घर से दुकान से कलम और नमकीन खरीदने निकली थी। अगले सुबह मंगलवार को बरामद शव हुआ।बच्ची की गायब होने को लेकर उसके भाई ने थाने में रात में ही प्राथमिकी दर्ज कराई थी।परिवार वालों द्वारा सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।अपहरण का मामला मानकर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने लगे आसपास के सीसीटीवी को खंगालना शुरू कर दिया है। दूसरे दिन मृत बच्ची की शव मिलते ही पुलिस ने अनुसंधान तेज कर दिया है। घटनास्थल पर एसडीपीओ सुजय कुमार विद्यार्थी, थानाध्यक्ष रंजन चौधरी, एसआई रवीना कुमारी और एसआई जटाशंकर पांडेय पहुंचकर उक्त संगीन मामले की जांच की। एफएसएल की टीम को बुलाई गई। टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य को एकत्रित किया। पुलिस को एक जोड़ी चप्पल एवं नमकीन का एक पैकेट मिला, जिसके बाद चप्पल की पहचान कराई गई।
पुलिस ने बताया कि यह चप्पल मृत बच्ची की मां का है, जिसे बच्ची घर से पहनकर कलम एवं नमकीन लेने घर से निकली थी। इसके बाद पुलिस उसी दिशा में जांच करना शुरू कर दिया है। वहां से थोड़ी दूर आगे बढ़ने पर मृत बच्ची का शव बरामद हुआ। बच्ची का शव मिलते ही परिजनों में जबर्दस्त कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो -रोकर हालत बहुत बुरा हो गया है। परिवार वालों ने बताया कि मृतका उत्क्रमित मध्य विद्यालय डोला में वर्ग तीन की मासूम छात्रा थी।मृतका चार बहनों में सबसे छोटी थी। उसके भाई और बहनों का चीत्कार एवं दहाड़ से पूरा गांव गमगीन हैं। आसपास के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देते ढांढस बंधा रहे हैं।मृतक के बहनों ने बताया कि वह पढ़ने में काफ़ी तेज- तरार थी। सबसे छोटी होने के चलते सभी बहनें उसे बहुत मानती थीं। बहनों ने बताया कि वह घर से बस 10 रूपए लेकर यह कहकर निकली थी कि 5 रुपए का कलम और 5 रुपए का नमकीन लेंगी। पकरीबरावां एसडीपीओ सुजय कुमार विद्यार्थी ने बताया कि बच्ची की शव को पुलिस ने बरामद कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हरेक बिंदुओं पर जांच कर रही है। पकरीबरावां थाना क्षेत्र के लखनपुरा में आठ वर्ष की बच्ची की शव मिलने के बाद डॉग स्क्वॉड की टीम बुलाई गई है। डॉग स्क्वॉड की टीम ने मृतका के घर के बाद घटना स्थल पर पहुंची। इसके बाद टीम आस पास के क्षेत्रों की जांच की।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारणों का पता चल सकेगा।एसपी,नवादा ने घटनास्थल का लिया जायजा। कौआकोल थाना का निरीक्षण कर लौट रहे एसपी धीमान शाम में घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने पूरी बारीकी से उक्त घटित घटिया घटना की जांच व तफ्तीश की और अधिकारी को आवश्यक दिशा- निर्देश दिया। एसपी ने आगे बताया कि पकरीबरावां थाना में 27 जुलाई की देर शाम परिजनों द्वारा बच्ची का अपहरण किए जाने से संबंधित आवेदन पत्र प्राप्त हुआ था। पुलिस छान बीन कर रही थी। इसी बीच 28 जुलाई को अहले सुबह देवधा कॉलेज के समीप झाड़ी से मृत बच्ची की शव बरामद किया गया है।बच्ची की निर्मम हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही बच्ची से दुष्कर्म की स्थिति स्पष्ट होगी। जांच के लिए पकरीबरावां पुलिस एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई है। दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।


