एनएच 139बना रेड जोन, अकबरपुर के पास दो युवकों की मौत से

अम्बुज कुमार खबर सुप्रभात समाचार सेवा

औरंगाबाद जिले में दाउदनगर थाना क्षेत्र के अकबरपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा होने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है।. जिसमें दो युवकों की मौत हो गई है. यह हादसा दाउदनगर थाना क्षेत्र के एनएच-139 के पास स्थित अकबरपुर गांव के समीप हुआ है जहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई. जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान राजकुमार बिगहा निवासी सोनू कुमार और साहिल कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक से किसी काम से दाउदनगर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान अकबरपुर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मारी. जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे. वहीं, स्थानीय लोग तेज आवाज सुनकर घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की आगे कार्रवाई करने में जुट गई है.घटना के बाद कई स्थानीय लोगों ने बताया कि एनएच 139 रेड जोन में तब्दील हो गया है।यह मार्ग पटना औरंगाबाद होते हुए डालटेनगंज को जोड़ता है। लेकिन दुर्भाग्य है कि इस पथ को अभी तक फोर लेन नहीं बनाया जा सका है। झारखंड के डाल्टनगंज से हरिहरगंज तक फोर लेन तो बनकर तैयार है लेकिन बिहार में हरिहरगंज के बाद संडा से पटना तक फोर लेन नहीं बनाया जा सका है। फलस्वरूप आए दिन सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत हो रहा है।