शमशेर नगर में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो का छापा, पुलिस के जबरदस्त नाकेबंदी

अम्बुज कुमार खबर सुप्रभात समाचार सेवा

औरंगाबाद जिले के दाउदनगर प्रखंड स्थित शमशेरनगर में शुक्रवार की सुबह आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने एक ठेकेदार के पैतृक आवास पर छापेमारी की. टीम  सुबह करीब पौने नौ बजे पुलिस बल के साथ पहुंची और घर के अंदर तलाशी शुरू की. कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक निगरानी के लिए दो मजिस्ट्रेट भी मौके पर मौजूद हैं. फिलहाल जांच जारी है और छापेमारी के कारणों की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आयी है। छापेमारी सुधीर कुमार पांडेय (करीब 55 वर्ष) के पैतृक आवास पर की जा रही है. बताया जाता है कि सुधीर कुमार पांडेय मुख्य रूप से मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में रहकर ठेकेदारी का काम करते हैं. शुक्रवार सुबह EOU की टीम अचानक उनके शमशेरनगर स्थित आवास पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू कर दिया। छापेमारी के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासनिक निगरानी के लिए दो मजिस्ट्रेट प्रतिनियुक्त किये गये हैं. दाउदनगर के अंचलाधिकारी सतीश कुमार सिंह और प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी रिशु राज मौके पर मौजूद हैं. उनकी निगरानी में EOU के अधिकारी आवास के अंदर जांच कर रहे हैं। कार्रवाई को देखते हुए आवास के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है. सुरक्षा के मद्देनजर बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गयी है. EOU की अचानक हुई इस कार्रवाई से शमशेरनगर और आसपास के इलाके में हलचल देखी जा रही है। खबर लिखे जाने तक EOU की टीम आवास के अंदर गहन जांच कर रही थी. छापेमारी जारी रहने के कारण अब तक किसी तरह की बरामदगी या कार्रवाई के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आयी थी. जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।