जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने देव सूर्यकुंड में अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्पित किया अर्घ्य,जिलावासियों के सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की

औरंगाबाद: अम्बुज कुमार खबर सुप्रभात समाचार सेवा

देव कार्तिक छठ मेला-2026 के पावन अवसर पर आज संध्याकाल में जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद  अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद  उपेंद्र नाथ वर्मा ने देव स्थित सूर्यकुंड में अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर दोनों वरीय पदाधिकारियों ने भगवान सूर्य से समस्त जिलावासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने लोक आस्था के महापर्व छठ की महत्ता को नमन करते हुए सभी छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। देव की पावन धरती पर आयोजित इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने हेतु व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने इस अवसर पर छठ महापर्व के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन में अपनी सहभागिता के साथ सभी श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की।