पटना संवाद सूत्र ख़बर सुप्रभात समाचार सेवा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में एक करोड़ नए राशन कार्ड बनाने के लक्ष्य को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया है।उन्होंने कहा, पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे, यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।मुख्यमंत्री ने यह निर्देश लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प सभागार’ में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी की मौजूदगी में खाद्य और उपभोक्ता संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान दिया।बैठक में राज्य की सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS), राशन वितरण व्यवस्था, गोदामों की स्थिति, ऑनलाइन सेवाओं और केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभाग की सभी योजनाओं के लाभार्थियों का सटीक और अद्यतन डाटाबेस तैयार किया जाए। इससे पात्र लोगों को बिना किसी परेशानी के योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एक करोड़ नए राशन कार्ड बनाने के लक्ष्य को जल्द पूरा करे, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार राशन योजना से वंचित न रहे।मुख्यमंत्री ने कहा कि राशन वितरण प्रणाली की नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को समय पर और सम्मानपूर्वक राशन मिले।उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने और शिकायतों का त्वरित समाधान करने को भी कहा। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘गरीब कल्याण’ के संकल्प को धरातल पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार का उद्देश्य है कि गरीब और जरूरतमंद लोगों तक सभी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के पहुंचे।
