दीपावली की रात मदनपुर में लगी आग से 10 लाख की संपत्ति जलकर हुआ राख

मदनपुर (औरंगाबाद ) खबर सुप्रभात समाचार सेवा

औरंगाबाद जिले के मदनपुर  में दीपावली की रात आग लगने से एक मकान और किराना दुकान में रखी करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख में तब्दील हो गई।  घटना रविवार रात दीपावली के दिन जब सभी लोग दीपावली के ज़श्न मना रहे थे करीब 8 बजे घोरहत रोड की है। आग बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका जताई जा रही है या कोई और कारण है यह संवाद लिखे जाने तक साफ नहीं हो सका है। जानकारी के अनुसार घर में मौजूद लोगों को किसी तरह बाहर निकाला गया, जिससे सभी बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, जमुआईन निवासी नागेन्द्र प्रसाद ने मदनपुर के घोरहत रोड पर मकान बनाकर उसमें किराना दुकान खोल रखी है। रविवार रात दीपावली पर पूजा-पाठ के दौरान नागेन्द्र प्रसाद दीप प्रज्ज्वलित करने में व्यस्त थे। इसी दौरान घटना घटित हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और पूरे घर में फैल गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा लूना वाहन, फ्रिज, कूलर, साइकिल, कपड़े, तोशक, निहाली, चावल के 10 बोरे और अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गए। इस अगलगी में करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई गई है। आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग के अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। वहीं, आसपास के लोगों ने भी उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। पीड़ित नागेन्द्र प्रसाद ने बताया कि आग बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी, जिसमें करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जल गई। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद परिवार के सामने खाने-पीने की समस्या खड़ी हो गई है। साथ ही किराना दुकान में लगी पूंजी का भी नुकसान हुआ है। आग लगने की सूचना स्थानीय थाना पुलिस और अंचल अधिकारी को दे दी गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सीओ मोहम्मद अकबर हुसैन ने बताया कि घटना का भौतिक सत्यापन और जायजा लेने के बाद सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिया जाएगा।