अम्बुज कुमार खबर सुप्रभात समाचार सेवा
20 दिसंबर 2024 को श्रीकान्त शास्त्री (भा०प्र०से०) जिला पदाधिकारी औरंगाबाद की अध्यक्षता में जिले के देव प्रखंड में सूर्य महोत्सव के सफल आयोजन से संबंधित समीक्षा बैठक आहूत की गई। बैठक में बताया गया कि जिला प्रशासन के तत्वावधान में सूर्य महोत्सव का आयोजन तीन दिवसीय होगा जो 04 से 06 फ़रवरी 2025 को आयोजित किया जाएगा।
सूर्य महोत्सव को आकर्षक एवं मनोहारी बनाने तथा धूमधाम से मनाने हेतु सभी पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अपेक्षित सहयोग करने की आशा व्यक्त की गई। इस महोत्सव का उद्घाटन हेतु मुख्यमंत्री बिहार, प्रभारी मंत्री एवं माननीय पर्यटन मंत्री बिहार सरकार को आमंत्रित किया जाएगा । महोत्सव में भाग लेने वाले कलाकारों के चयन हेतु उप विकास आयुक्त, औरंगाबाद की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। मेला का उद्घाटन भजन गायन प्रस्तुति से किया जाएगा। तत्पश्चात मुख्य कलाकारों द्वारा रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति की जाएगी। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं बच्चों के बीच खेलकूद, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता आदि का भी आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों का स्टॉल भी लगाया जाएगा। जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारी को अपने-अपने विभागों से संबंधित स्टॉल लगाने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। महोत्सव को आकर्षक बनाने हेतु पूरे देव क्षेत्र को सौन्दर्यीकृत एवं सजाने हेतु न्यास समिति के सदस्य एवं वार्ड सदस्य स्थानीय लोगों को अपने-अपने घरों को सजाने हेतु प्रेरित करेंगे। साथ ही देव मंदिर एवं उसके आसपास के क्षेत्र के सौंदर्यीकरण करने पर चर्चा की गई| जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि पूरे देव मेला क्षेत्र को सुसज्जित ढंग से सजाया जाएगा। विभिन्न विभागों द्वारा जिला में चल रही योजनाओं से संबंधित स्टाल लगाए जाएंगे। मेडिकल कैंप लगाकर विभिन्न बीमारियों की जांच एवं इलाज करने की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। कार्यपालक अभियंता, पीएचइडी, औरंगाबाद को शौचालय एवं पानी की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया| कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल, औरंगाबाद को विद्युत संबंधित व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया| देव को जोड़ने वाली सभी महत्वपूर्ण सड़कों का जायजा लिया गया एवं मरमती से संबंधित निर्देश दिए गए | साफ सफाई की व्यवस्था हेतु कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, देव एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी, देव को निदेशित किया गया। उक्त बैठक में उप विकास आयुक्त अभयेंद्र मोहन सिंह, डीटीओ शैलेश कुमार, सिविल सर्जन श्री रवि भूषण श्रीवास्तव, प्रखंड विकास पदाधिकारी/ अंचलाधिकारी देव, मंदिर न्यास समिति के सदस्य संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता एवं जिला स्तरीय अन्य पदाधिकारी उपस्थित हुए।