औरंगाबाद: अम्बुज कुमार खबर सुप्रभात समाचार सेवा
माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, औरंगाबाद के तत्वावधान में संविधान दिवस के अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राजीव रंजन कुमार के नेतृत्व में संविधान दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सर्वप्रथम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों, न्यायालय कर्मियों एवं


जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। समारोह को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राजीव रंजन कुमार ने कहा कि 26 नवंबर का दिन भारतीय लोकतंत्र और हम सभी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। संविधान दिवस की सार्थकता तभी सुनिश्चित होगी, जब संविधान में निहित अधिकारों, न्याय और समानता का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार की इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि आमजन को उनके विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक कर उन्हें सशक्त बनाया जाए। साथ ही, समाज में ऐसा वातावरण विकसित हो, जहाँ प्रत्येक व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव के समान अधिकार, समान अवसर और सम्मानपूर्ण जीवन प्राप्त हो सके।उन्होंने आगे कहा कि संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्श ही एक सशक्त एवं समावेशी समाज की आधारशिला हैं। संविधान निर्माताओं ने जिस लोकतांत्रिक भारत की कल्पना की थी, उसे साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना आवश्यक है।इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय श्री अरुण कुमार, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री विश्व विभूति गुप्ता सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव श्रीमती तान्या पटेल तथा न्यायालय एवं प्राधिकार के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के मूल आदर्शों को आत्मसात करने तथा विधिक जागरूकता के जरिए समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुँच सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
