सड़क हादसों में दो युवकों की मौत, इलाज के लापरवाही को ले परिजनों ने किया हंगामा, सदर अस्पताल के कुव्यवस्था उजागर

औरंगाबाद: अम्बुज कुमार खबर सुप्रभात समाचार सेवा

औरंगाबाद जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. पहली घटना हरिहरगंज मोड़ के समीप हुई, जहां सड़क दुर्घटना में 24 वर्षीय अरुण महतो की जान चली गई. वहीं, दूसरी घटना नगर थाना क्षेत्र के कथरूआ गांव के पास हुई, जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से शैलेंद्र सिंह की मौत हो गई. दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेला गांव निवासी विलास महतो का 24 वर्षीय पुत्र अरुण महतो अपने गांव से हरिहरगंज के समीप स्थित ससुराल जा रहा था. इसी दौरान हरिहरगंज मोड़ के पास वह सड़क हादसे का शिकार हो गया. दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल अरुण को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए औरंगाबाद लाया गया. परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. इस दौरान परिजनों ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सदर अस्पताल में हंगामा किया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया. दूसरी घटना शनिवार की रात नगर थाना क्षेत्र के कथरूआ गांव के समीप हुई. अंबा थाना क्षेत्र के खैरा गांव निवासी शैलेंद्र सिंह पैदल अपने घर जा रहे थे. बताया जाता है कि हाईवे पर पूर्व विधायक के घर के पास पहुंचते ही किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे में गंभीर रूप से घायल शैलेंद्र की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिले में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की असमय मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।