मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु 17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैम्प का होगा आयोजन, सभी बूथों पर प्रातः 10 से सायं 4 बजे तक मौजूद रहेंगे बीएलओ – उप जिला निर्वाचन अधिकारी

औरंगाबाद अम्बुज कुमार खबर सुप्रभात समाचार सेवा

उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार सिंह ने सर्व-साधारण को सूचित किया है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्र दिनांक 13 अक्टूबर, 2026 द्वारा निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे हुए एवं प्रथम बार/युवा निर्वाचकों के नाम सम्मिलित किए जाने के सम्बन्ध में सम्प्रति चल रहे विशेष अभियान कार्यक्रम के अन्तर्गत सम्यक विचारोपरान्त प्रदेश में दिनांक 17.10.2026 (शनिवार) एवं दिनांक 24.10.2026 (शनिवार) को विशेष कैम्प आयोजित किया गया है। उक्त कैम्प प्रातः 10.00 बजे से अपराह्न 04.00 बजे तक सम्पादित होगा। समस्त बूथों पर बूथ लेवल ऑफिसर पर्याप्त फार्म सहित उपस्थित रहेंगे। समस्त जनमानस से अनुरोध है कि कृपया वे अपने बूथ पर प्रातः 10.00 बजे से अपराह्न 04.00 बजे के मध्य जाकर अपने एवं अपने परिवार से सम्बन्धित मतदाता सूची में दर्ज नामों का अवलोकन कर लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज होने से छूट गया हो तो उसे फार्म-6 के माध्यम से पंजीकृत करा लें। उक्त विशेष कैम्प के दिनांक को समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर बूथ लेवल ऑफिसरों की उपस्थिति सुनिश्चित कराते हुए समस्त आवश्यक कार्यवाही सम्पादित करेंगे।
उक्त विशेष कैम्प में नामावली में नाम शामिल किए जाने सम्बन्धी कार्यवाही हेतु सम्बन्धित मतदाता अपनी अद्यतन फोटो, जन्म तिथि एवं निवास से सम्बन्धित अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छाया प्रतियां तथा यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र की संख्या उपलब्ध है, तो उसे लेकर आएं।