डब्ल्यू ई सी केंद्र मदनपुर में हुआ सत्संग का आयोजन

मदनपुर (औरंगाबाद )खबर सुप्रभात समाचार सेवा

औरंगाबाद जिलाअंतर्गत मदनपुर खिरियावां मोड स्थित छत्रपति शिवाजी नगर स्थित एकल ग्रामोत्थान फाउंडेशन द्वारा संचालित डब्ल्यू ई सी केंद्र में श्रीराम गाथा पर सत्संग का आयोजन संपन्न हुआ। फाउंडेशन के मदनपुर समिति के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह परमार भैया जी ने दीप प्रज्वलित करके सत्संग का उद्घाटन किया। कार्यालय प्रभारी बहन रेनू जी ने ब्रह्मनाद तथा श्रीराम स्तुति के साथ हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ कराया। ट्रेनर रानी कुमारी तथा कोऑर्डिनेटर रोहित कुमार के द्वारा रामचरितमानस के बालकांड से चौपाई का गायन कराया गया। जितेंद्र सिंह परमार भैया जी ने सत्संग की महिमा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि श्री राम जननायक है ,भारत की आत्मा है। करोड़ों सनातनी परिवार के लिए जीवंत आस्था के प्रतीक है भगवान श्री राम। श्री राम कथा गाथा के संदर्भ में इन्होंने भगवान भोले शंकर तथा माता पार्वती के संवाद का हृदय स्पर्शी व्याख्या किया।
इन्होंने अपनी अभिव्यक्ति में कहा कि श्री राम का रामत्व ही भारत को विश्व गुरु के सिंहासन पर आरूढ़ करने वाला महामंत्र । इसलिए वर्तमान युग के महान ऋषि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर से लेकर अनेक भारत भारती के सपूतों ने भारत गणराज्य के लिए रामराज की ही कल्पना की है। आज के विषाक्त वातावरण में श्री राम के चरित्र को निष्पक्षता पूर्वक समझने की आवश्यकता है। यहीं से प्रारंभ होगा समता मूलक समाज का निर्माण। सत्संग के आयोजन में केंद्र के सभी सेवाव्रती तथा प्रशिक्षणार्थी , एकल अभियान मदनपुर संच के संरक्षक सुनील कुमार सिंह, कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर के कोऑर्डिनेटर तथा ट्रेनर मनजीश कुमार एवं कन्हाई यादव , कृष्ण रजक,जनार्दन यादव सहित अन्य नगरवासी उपस्थित थे।