रफीगंज में युवक को चाकू मारकर हत्या,एक गंभीर रुप से घायल, लगातार हो रहे हत्या से पुलिस प्रशासन पर खड़ा हो रहा है सवाल

औरंगाबाद खबर सुप्रभात समाचार सेवा

औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र से हत्या की घटना घटित होने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है।  एक 20 वर्षीय युवक की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अब्दुलपुर मुहल्ला निवासी मोहम्मद सदीक के छोटे पुत्र मोहम्मद फैज (20 वर्ष) के रूप में हुई है। फैज गया कॉलेज में स्नातक  का छात्र था। इस हमले में फैज के साथ मौजूद उसका एक साथी भी गंभीर रूप से घायल  है। घटना के बाद  पूरे इलाके में तनाव व्याप्त हो गया है।वहीं मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।   मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम मोहम्मद फैज अपने घर पर ही था। इसी दौरान मोहल्ले के ही कुछ लोग उसे किसी बहाने से बुलाकर अपने साथ ले गए। इसके कुछ ही देर बाद परिजनों को सूचना मिली कि फैज पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया है। आरोपियों ने फैज के शरीर पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। बीच-बचाव करने आए उसके एक सहयोगी को भी भी घायल कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से खून से लथपथ मोहम्मद फैज को   रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।फैज की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में  स्थानीय लोगों की  भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीणों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। फैज़ होनहार लड़का था और गया कॉलेज से अपनी स्नातक की पढ़ाई  कर रहा था। फैज के पिता मोहम्मद सदीक घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण झारखंड राज्य के हजारीबाग में   काम करते हैं। घटना के कारणों का संवाद लिखे जाने तक स्पष्ट नहीं हो सका है। जिले में लगातार हो रहे हत्या से साफ़ जाहिर हो रहा है कि जिले में अपराधियों का मनोबल शर चढ़ कर बोल रहा है वहीं पुलिस प्रशासन पर भी सवाल खड़ा हो रहा है। हला की जानकारी के अनुसार स्थानीय पुलिस घटना को तत्परता दिखाते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।