तजा खबर

हसपुरा में पूर्व विधायक ने किया पुस्तकालय का उद्घघाटन

अम्बुज कुमार खबर सुप्रभात समाचार सेवा

हसपुरा प्रखंड के धमनी गांव में नवनिर्मित गांधी पुस्तकालय का उद्घाटन किया गया। गांधी पुस्तकालय के अध्यक्ष श्याम किशोर सिंह की अध्यक्षता में गांधी पुस्तकालय का उद्घाटन पूर्व विधायक अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय महासचिव राजाराम सिंह ने किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षाविद् रंधीर कुमार ने किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ आगत अतिथियों के स्वागत से किया गया, जिसमें आगत अतिथियों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।खुशी, अराधना, पम्मी,सीमा एवं निर्जला ने स्वागत गीत गाकर स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजाराम सिंह ने कहा कि उस मनुष्य का बौद्धिक विकास अधिक होगा,जो पुस्तकालय के महत्व को समझेगा।आज आम लोगों को तय करना है कि हमें अपने देश के हित के लिए गांधी,भगत सिंह, अम्बेडकर को पढ़ने की जरूरत है या वैसे लोगों को पढ़ने की जरूरत है, जिससे लोगों में उन्माद पैदा हो,। वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. अलखदेव प्रसाद ‘अचल’ ने कहा कि जिस प्रकार से एक सूर्य से अनगिनत लोगों को प्रकाश मिलता है,उसी प्रकार से एक पुस्तकालय से अनगिनत लोगों तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचता है। पुस्तकालय ही होता है, जहां तरह तरह की पुस्तकें उपलब्ध रहती हैं। जिससे अधिक से अधिक ज्ञान प्राप्त किया जा सकता है। वरिष्ठ कवि सत्येंद्र कुमार ने कहा कि पुस्तकालय के महत्व को समझना आज के लिए बहुत जरूरी है । प्रखंड प्रमुख श्रीनिवास सिंह ने कहा पुस्तकालय शिक्षा के विकास के लिए एक सशक्त माध्यम है। इसे ग्रामीणों को भी प्रोत्साहन देने की जरूरत है।
इस अवसर पर पूर्व प्रखंड प्रमुख नागेश्वर यादव,पूर्व मुखिया सोनम देवी, पूर्व मुखिया देवेन्द्र शर्मा,पंसस प्रतिनिधि युगल किशोर यादव, सिद्धेश्वर सिंह,राजद नेता रवीन्द्र यादव,माले नेता दिनेश राम, पिंटू कुमार, भाजपा नेता अमन कुशवाहा,विजय कुमार,धीरेन्द्र कुमार, राकेश कुमार, डा.राजेश कुमार सहित कई गणमान्य लोगों ने पुस्तकालय की महत्ता पर प्रकाश डाला।