संवाद सूत्र हसपुरा (औरंगाबाद )खबर सुप्रभात समाचार सेवा
हसपुरा प्रखंड के देवचंद सिंह उच्च विद्यालय में जनवादी लेखक संघ औरंगाबाद इकाई के तत्वावधान में कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की 146 वीं जयंती के अवसर पर ‘ आज का समय और प्रेमचंद ‘ विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता अध्यक्ष मंडल सदस्य जलेस के जिला उपाध्यक्ष श्रीनिवास मंडल, अवकाश प्राप्त प्रधानाध्यापक महेश सिंह, एवं राजेश कुमार विचारक ने की, जबकि संचालन शिक्षक समुन्दर सिंह ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कथा सम्राट मुंशी प्रेमचन्द के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। फिर अंगवस्त्र देकर अतिथियों का स्वागत किया गया। स्वागत भाषण सुरेश प्रसाद ने दिया। सेमिनार को संबोधित करते हुए बिहार प्रदेश प्रलेस के सचिव गजेन्द्र शर्मा ने कहा कि प्रेमचंद की रचनाएं जिस रुप में प्रासंगिक हैं, वह उनकी दूरदर्शिता को दर्शाता है। उनकी रचनाओं में बहुस्तरीय ध्वनियां सुनाई पड़ती है। प्रेमचंद अपनी रचनाओं के माध्यम से हाशिए पर रह रहे लोगों के पक्ष में खड़े दिखते हैं।जलेस के राज्य उपाध्यक्ष प्रो. अलखदेव प्रसाद अचल ने कहा प्रेमचंद एक ऐसे साहित्यकार थे,जो आज से सौ वर्ष पहले जिन परिस्थितियों पर अपनी कलम चला रहे थे,आज परिस्थितियां भले ही बदल गयी हैं,पर आज भी कमोवेश उसी रूप में विद्यमान है। इसलिए प्रेमचंद की प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। प्रधानाध्यापक अंबुज कुमार ने कहा साहित्य के क्षेत्र में पहली बार प्रेमचंद ने समाज की पीड़ा को कहानी और उपन्यास के माध्यम से दर्शाया है।शिक्षक गोपेन्द्र कुमार सिन्हा गौतम ने कहा जब तक आज के लोग समय की पहचान कर काम नहीं करेंगे,तब तक न स्वयं का विकास होगा,न समाज का विकास होगा। सेमिनार को शिक्षक रामबली सिंह,रुपेश कुमार, मनीष कुमार, प्रधानाध्यापिका अनुपमा कुमारी, ममता कुमारी,सत्य प्रकाश, रमेश प्रसाद बृज किशोर कुमार,विनय कुमार, संतोष कुमार, सुनील कुमार ने भी संबोधित किया। धन्यवाद ज्ञापन महेश सिंह ने किया।

