सुनील कुमार सिंह खबर सुप्रभात समाचार सेवा
मदनपुर (औरंगाबाद)। प्रखंड क्षेत्र के अंबेडकर भवन, पिरवां टोला (मोहनपुर) में सोमवार को भगत सिंह, शिवराम राजगुरु एवं सुखदेव थापर के 96वें संयुक्त शहादत दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन उत्तर कोयल नहर किसान संघर्ष मोर्चा, मगध के बैनर तले किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नंदलाल सिंह ने की। सभा की शुरुआत झंडोत्तोलन, शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण एवं दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस अवसर पर जिला पार्षद बालेश्वर प्रसाद यादव एवं जयनंदन शर्मा ने शहीदों के जीवन, त्याग और बलिदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। वक्ताओं ने साम्राज्यवाद के विरुद्ध उनकी संघर्षपूर्ण लड़ाई को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक न्याय के लिए उनके विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया। सभा में वक्ताओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति स्थापित करने में भारत की सक्रिय भूमिका की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही यूजीसी समानता कानून लागू करने तथा उत्तर कोयल नहर का पानी हर खेत तक पहुंचाने की मांग उठाई गई। कार्यक्रम में मुखिया प्रतिनिधि गोपाल यादव, एल.के. बिंदु, उपेंद्र यादव, दारा सिंह, किशोरी यादव, धनेश यादव, सुखेंद्र यादव, राम विजय यादव, देवलाल सिंह, राम उदय यादव, ई.राम नरेश यादव, रमेश कुमार, ब्रह्मदेव यादव, रामजी राम, मुखदेव यादव, संजय यादव, उमेश यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं युवाओं की उपस्थिति रही। अंत में सभी ने शहीदों के आदर्शों पर चलने और अन्याय के विरुद्ध आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया।
