महाशिवरात्रि में शिवालयों में उमड़ा आस्था का जन सैलाब

डीके अकेला का रिपोर्ट


नवादा 16 फ़रवरी को ऐतिहासिक महाशिवरात्रि के पवित्र पावन पर्व के सुअवसर पर पूरे नवादा जिला शिवमय हो उठा. शहर और गांव के हजारों शिवालयों में शिवभक्त श्रद्धालुओं बहुत भारी भीड़ उमड़ी. अहले सुबह से ही मंदिरों में पूजा, अर्चना, जलाभिषेक व रूद्राभिषेक का धाराप्रवाह

सिलसिला शुरू हो गया. य़ह कारवाँ देर रात तक चलता रहा. शिवभक्तों ने शिवलिंग पर बेलपत्र,भंग ,धतूरा, फल और फूल अर्पित कर भगवान भोलेनाथ से शांति, सुख और समृद्धि की कामना की. पंचमुखी शोभनाथ मंदिर,साहेब कोठी मंदिर,गोवर्धन मंदिर, हरिश्चंद्र स्टेडियम स्थित शिव मंदिर, न्यू एरिया शिव मंदिर, शिव नगर महादेव मंदिर समेत जिले के सैकड़ों शिवालयों में आस्था का जन सैलाब देखने को मिला. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी. शिवभक्तों की लम्बी कतारें लगी रहीं .महिलाओं ने मशहूर निर्जला व्रत रखकर महादेव शिव और माता गौरी की विशेष पूजा-अर्चना की. मंदिर परिसरों को आकर्षक फूलों और रोशनी से सजाया गया था, जिससे वातावरण ख़ुशनुमा और भक्तिमय हो उठा.
भोलेनाथ की निकली भव्य बारात : महाशिवरात्रि के अवसर पर भोलेनाथ की शानदार भव्य बारात निकली ,जो इस पवित्र त्योहार का मुख्य आकर्षण का केंद्र बना रहा .पारम्परिक वेषभूषा में सजे कलाकारों में भगवान शिव, माता पार्वती, भूत-प्रेत, पिशाच तथा बजरंगबली के रूप रंग धारण कर विशाल व आकर्षक शोभा यात्रा में सक्रियता पूर्वक उत्साहित होकर हिस्सा लिया. गाजे-बाजे, ढ़ोल, नगाड़े के साथ हर-हर महादेव के जय घोष से सम्पूर्ण जिला गूंज उठा. घोड़ों और बैलगाड़ियों पर सवार बरातियों का मनोरम दृश्य लोगों के लिए विशेष आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा. पुष्पवर्षा से सभी बारातियों का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया. रात्री में पूर्ण विधि-विधान से शिव-गौरी विवाह की रस्में सम्पन्न हुई. वारिसपिया के गढ़ पांडेय गंगौट गांव में काफ़ी धूमधाम व तामझाम के साथ शिवभक्तों ने शिवालय में महाशिवरात्रि हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. सम्पूर्ण ग्रामवासियों द्वारा गांव में अवस्थित शिव मंदिर और फूलडीह मोड़ पर स्थित शिव मंदिर में बहुत उत्साहित होकर पूजा अर्चना विधिवत सम्पन्न हुआ. ग्रामीणों ने शिव भजन और पौराणिक होली की बौछार होते रहे. जिला पुलिस प्रशासन काफी चुस्त- दुरुस्त मुस्तैद रहा. पूरे जिले में ऐतिहासिक महाशिवरात्रि पावन पवित्र पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया।